
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला थाना क्षेत्र के बिरसा चौक के पास मुक्ति पोखर के समीप मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान जिलिंगबुरु गांव निवासी 35 वर्षीय राजू पूरती के रूप में हुई है. वह मंगलवार को मुर्गा खरीदने अपनी बाइक (जे एच 05 बीएफ-2665) से सरायकेला आए थे और रात में घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए.
घटना रात करीब 9 बजे हुई, जब राजू पूरती की बाइक सड़क किनारे अंधेरे में खड़े एक ब्रेकडाउन हाइवा (जेएच 05 डीडी-7503) के पिछला हिस्से से जा टकराई. स्थानीय लोगों के अनुसार हाइवा के पीछे किसी प्रकार का रेडियन, रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेतक नहीं लगाया गया था, जिसके कारण आशंका है कि अंधेरा होने से राजू वाहन को देख नहीं पाए और टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजू पूरती गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा मौके पर पहुंचे. उन्होंने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजू को सरायकेला सदर अस्पताल भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. बोदरा ने कहा कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर चेतावनी संकेतक न लगाना गंभीर लापरवाही है, जिसके लिए परिवहन विभाग और वाहन चालकों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए.
उधर, जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने हाइवा और बाइक को जब्त कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हाइवा चालक की भूमिका की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि उचित चेतावनी संकेतक नहीं होने के कारण हादसा हुआ. पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी निरीक्षण के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.

