
उदित वाणी, जमशेदपुर : ग्रेजुएट कॉलेज में शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध बढ़ते साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कॉलेज की शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं. एसएसपी ने छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग, स्टॉकिंग, फर्जी आईडी, ओटीपी धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक और सोशल मीडिया का दुरुपयोग जैसे बढ़ते मामलों को लेकर सतर्क रहने की अपील की.
कार्यक्रम में एसएसपी ने कहा कि डिजिटल युग में अपराधियों के तौर-तरीकों में तेजी से बदलाव आ रहा है, जिसके चलते सजग रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर सोशल मीडिया प्रोफाइल, फर्जी मैसेज, ऑनलाइन गेमिंग और फ्री गिफ्ट/ ऑफर के नाम पर महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाते हैं. ऐसे में किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें. व्यक्तिगत जानकारी, फोटो या बैंकिंग डिटेल किसी से साझा न करें.

एसएसपी ने छात्राओं को साइबर सेल की हेल्पलाइन और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रियाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की ऑनलाइन धमकी, ब्लैकमेलिंग, अश्लील संदेश या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर सेल को दें. कॉलेज प्रशासन से भी छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक करने की अपील की गई.
अंत में एसएसपी ने कहा कि “साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका सतर्कता है. जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें.” कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी कई सवाल पूछे जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया.

