
उदित वाणी, देवघर : राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को देवघर में भव्य भाजपा कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश भर के 24 संगठनिक जिलों से पदाधिकारी शामिल हुए.
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, चोरी-लूट-बलात्कार जैसी घटनाएं आम हो गई हैं. पुलिस वसूली में लगी है, किसान औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर हैं. भाजपा झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है.
कार्यकारी अध्यक्ष-सांसद आदित्य साहू ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने 6 दिसंबर को शौर्य दिवस बताते हुए राम मंदिर निर्माण का श्रेय पीएम मोदी को दिया. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने विकसित भारत का संकल्प दोहराया, पूर्व सीएम चंपई सोरेन ने घुसपैठियों का मुद्दा उठाया.
देवघर के साथ ही गुमला जिला कार्यालय का भी ऑनलाइन उद्घाटन हुआ. गुमला में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष समीर उरांव, पूर्व मंत्री सुदर्शन भगत समेत लोहरदगा व सिमडेगा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे. अन्य वक्ताओं में मधु कोड़ा, सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश शामिल.
कार्यक्रम का संचालन बालमुकुंद सहाय ने किया, धन्यवाद जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने दिया. सांसद निशिकांत दुबे ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की ताकत बताया.

