
उदित वाणी, जमशेदपुर : गालूडीह थाना क्षेत्र के पुतडू गांव में मंगलवार को 20 वर्षीय युवक लाल सिंह ने अपने माता-पिता महादेव सिंह और हेमलता सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया. ड्राइवर का काम करने वाले आरोपी का रोजगार संबंधी किसी बात पर माता-पिता से विवाद हो गया, जो हिंसक रूप धारण कर गया. गुस्से में आकर लाल सिंह ने दोनों की जमकर पिटाई की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
ग्रामीणों ने शोर सुनकर पहुंचकर आरोपी को रोका और घायल दंपति को निरामय हेल्थ केयर में भर्ती कराया. चिकित्सकों ने बताया कि दोनों पर गहरी चोटें हैं, इसलिए कुछ दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ेगा. पीड़ित पिता महादेव सिंह ने गालूडीह थाने में बेटे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों ने पारिवारिक विवादों के इस रूप पर चिंता जताते हुए समाज के लिए चिंताजनक बताया.

