
उदित वाणी, जमशेदपुर : नेताजी सुभास यूनिवर्सिटी (NSU) के छात्रों ने सोमवार को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर शहर में जागरूकता रैली निकाली. रैली साकची गोलचक्कर, मार्केट क्षेत्र, बस स्टैंड और आसपास की मुख्य सड़कों से होकर गुजरी. इसका उद्देश्य आम लोगों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना और इस बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना था.
रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, एनसीसी और एनएसएस यूनिट के सदस्यों के साथ फैकल्टी सदस्य भी शामिल हुए. प्रतिभागी हाथों में तख्तियां लिए नारे लगा रहे थे— *“HIV से लड़ें, मरीज से नहीं,” “जागरूक रहें, सुरक्षित रहें,”* और *“एड्स को रोकना है, समाज को जागरूक बनाना है.”* राहगीरों ने भी छात्रों की इस पहल की सराहना की.
कार्यक्रम के दौरान साकची बाजार क्षेत्र में छात्रों ने एक संवेदनशील नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया. नाटक में बताया गया कि HIV किन माध्यमों से फैलता है, किनसे नहीं, तथा संक्रमित व्यक्तियों से भेदभाव न करने का संदेश दिया गया. नाटक ने सुरक्षित संबंध, स्वच्छता, नियमित जांच की जरूरत और समाज में फैली गलतफहमियों को दूर करने पर जोर दिया.
विश्वविद्यालय के सामाजिक दायित्व प्रकोष्ठ (Social Responsibility Cell) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि NSU हर वर्ष इस तरह के अभियान आयोजित कर छात्रों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का प्रयास करता है.

