
उदित वाणी जमशेदपुर : कदमा थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर–4 निवासी हनि ठाकुर और धातकीडीह हरिजन बस्ती निवासी सन्नी राम शामिल हैं। दोनों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने गुरुवार देर शाम कदमा–सोनारी लिंक रोड पर गश्ती के दौरान संदिग्ध स्थिति में दो युवकों को एक स्कूटी पर जाते हुए देखा। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन वे भागने की कोशिश करने लगे। शक के आधार पर उन्हें खदेड़कर पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान दोनों अपने वाहन संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस ने जब वाहन का नंबर मिलान किया तो वह चोरी की मोटरसाइकिल की लिस्ट में शामिल पाया गया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने वाहन चोरी की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे लंबे समय से सुनसान इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी चुराकर उसका इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने जब उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में पूछताछ की, तो उनकी निशानदेही पर दो अलग-अलग जगहों से दो स्कूटी बरामद की गई। बरामद वाहनों में एक काले-ग्रे रंग की होंडा डियो स्कूटी (संख्या JH 05CB 9662) और दूसरी लाल–सफेद रंग की होंडा डियो स्कूटी (संख्या JH 05BT 6081) शामिल है। दोनों स्कूटी हाल के दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी हुई थीं।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। संभावना है कि यह गिरोह और भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस अब इनसे जुड़े अन्य अपराधियों का भी पता लगा रही है। बरामद वाहन शीघ्र ही वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर वास्तविक मालिकों को सौंपे जाएंगे।
कदमा पुलिस की इस सफलता से स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है, क्योंकि बीते कुछ सप्ताह में वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। पुलिस का कहना है कि ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

