
उदित वाणी, गुवा : गुवा सेल खदान क्षेत्र के जीरो प्वॉइंट स्थित मैकेनिकल और माइनिंग विभाग में बुधवार को ऑपरेटरों ने चार घंटे तक काम बंद रखकर आंदोलन किया. झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के नेतृत्व में सुबह 5 बजे से 9 बजे तक चले इस आंदोलन से खदान का कार्य पूरी तरह ठप हो गया.
ऑपरेटरों ने कार्यस्थल पर व्याप्त कीचड़, रेस्ट रूम की कमी और लंबित भुगतानों सहित कई मुद्दों पर नाराज़गी जताई. आंदोलन की सूचना मिलने पर गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार मौके पर पहुंचे और ऑपरेटरों की शिकायतें सुनीं. उन्होंने बारिश से पहले अलग रेस्ट रूम बनवाने और अन्य मांगों पर गंभीर पहल करने का आश्वासन दिया. प्रबंधन से वार्ता के बाद ऑपरेटरों ने आंदोलन समाप्त कर कार्य पुनः शुरू किया.

ऑपरेटरों की प्रमुख मांगों में समान कार्य का समान वेतन, मिट्टी एवं डिस्पैच का ₹1000 भुगतान, रिकेंटमेंट का लंबित भुगतान, ऑपरेटरों के लिए रेस्ट रूम और शौचालय की व्यवस्था, डोजर चलाने वाले कर्मियों को हाई स्किल्ड श्रेणी का वेतन, तथा कार्यस्थल पर उचित सेफ्टी व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल था.
आंदोलन में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, सिकंदर पान, रोहित पांडे, चंद्रिका खण्डाईत, किशोर सिंह, संजय बहादुर और संजय सांडिल समेत बड़ी संख्या में ऑपरेटर उपस्थित थे.

