
उदित वाणी, आदित्यपुर : अमलगम कंपनी से ड्यूटी खत्म कर लौट रहे कुलुपटांगा बस्ती, आदित्यपुर_02 निवासी 36 वर्षीय मनीष बाजपेई की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है. मृतक की पत्नी रिंकू कुमारी ने आदित्यपुर पुलिस को लिखित पत्र सौंपकर अपनी पति के मौत के कारण की जांच कराने और न्याय दिलाने की मांग की है. रिंकू कुमारी के अनुसार, प्रतिदिन की तरह उनके पति मनीष वाजपेयी (36) 24 नवंबर, सोमवार की रात अपने मित्र श्रीराम के साथ दोपहिया वाहन पर सवार होकर कंपनी में ड्यूटी करने के लिए निकले थे.

25 नवंबर, मंगलवार की रात मनीष ने घर फोन कर बताया कि वे भोजन करने के लिए वापस लौट रहे हैं. परन्तु काफी देर बाद भी जब वे घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. परिजनों ने कई बार उन्हें कॉल किया. परन्तु मनीष का मोबाइल बंद आने लगा, जिससे आशंका और गहरी हो गई. रात करीब 12:30 बजे टीएमएम की ओर से परिजनों को फोन पर सूचना दी गई कि मनीष की हालत गंभीर है और उन्हें तत्काल वहां पहुंचना चाहिए. जब परिवारजन टीएमएच पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि मनीष की मौत हो चुकी है.
मृतक की पत्नी ने अपने आवेदन में अपने पति की मौत को असमान्य बताया है तथा कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाई जाए. अगर मौत के पीछे किसी की लापरवाही अथवा साजिश है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. वहीं, लिखिए शिकायत प्राप्त होने के बाद आदित्यपुर पुलिस की टीम के द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस टीम घटनास्थल और संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

