
उदित वाणी, आदित्यपुर (का.प्र.): श्रीडूंगरी बस्ती, आदित्यपुर में आज ईचागढ़ के पूर्व भाजपा विधायक साधु चरण महतो की 5वीं पुण्यतिथि मनाई गई. कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू और जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो प्रमुख रुप से उपस्थित थे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री साहू ने साधुचरण महतो को जुझारु एवं प्रखर नेता बताया तथा कहा कि कर्मयोगी के रुप में वे हमेशा आमजन के लिए उपलब्ध थे. उन्होंने कहा कि बिहार विधान सभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार के कार्यकाल में बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा. क्योंकि बिहार की जनता ने जो एनडीए को जात_पात से अलग हटकर चुना है. बिहारवासियों ने भाजपा_जदयू गठबंधन के प्रति एक मिसाल कायम किया है. विकास के जो काम अधूरे रह गए हैं, वे काम अब पूरे होंगे. घाटशिला उप चुनाव में भाजपा को मिली हार के संबंध में उन्होंने कहा कि घाटशिला की जनता का मूड भाजपा की ओर था. परंतु चुनाव प्रचार बन्द होने के बाद भी सरकार और प्रशासन की मदद से उनके विधयाक ओर उनके लोग वहां डटे रहे. और प्रशासन का दुरुपयोग करने का काम किया गया. इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के पूर्व मंत्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, आदित्यपुर मंडल भाजपा अध्यक्ष देवेश महापात्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह, वरीय नेता रमेश हांसदा, विजय कुमार सिंह, अशोक सिंह, विशु महतो आदि उपस्थित थे.

