उदित वाणी, जमशेदपुर : आज़ादनगर थाना क्षेत्र के बागान शाही रोड नंबर 7, क्रॉस रोड नंबर 3 स्थित वकार अनवर के घर में बुधवार देर रात चोरी की वारदात हुई। चोरों ने घर में रखे करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने नकदी की तरह साफ कर दिए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन किसी को भी कोई आवाज या हलचल का एहसास नहीं हुआ।
परिजनों ने बताया कि सुबह उठते ही उन्हें सबसे पहले मेन गेट संदिग्ध अवस्था में खुला मिला। गेट का ताला खुला हुआ था और उसकी चाबी डाइनिंग टेबल पर पड़ी थी, जबकि रात में इसे सुरक्षित स्थान पर रखने की पुष्टि परिवार ने की थी। घर के अंदर जाने पर अलमारी का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि अलमारी से एक सोने का नेकलेस, दो सोने के ईयररिंग्स और एक सोने की अंगूठी गायब है। गहनों का डिब्बा घर के आंगन में फेंका हुआ मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर जल्दबाजी में वारदात को अंजाम देकर फरार हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही आज़ाद नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना स्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि किसी संदिग्ध की गतिविधि या आवाजाही की जानकारी मिल सके। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में भी जुटी हुई है।
वकार अनवर और उनके परिवार ने चोरी की घटना से उत्पन्न भय और चिंता जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी जल्द पकड़ लिए जाएंगे।


