
उदित वाणी, आदित्यपुर : सेंट्रल पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर में शनिवार, 22 नवंबर 2025 को कक्षा 6 से 11 तक के छात्रों के बीच अंतर-विद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और सार्वजनिक वक्तृत्व कौशल का विकास करना था.
कक्षा 6 से 8 के छात्रों के लिए वाद-विवाद का विषय था – “क्या स्कूल यूनिफॉर्म अनिवार्य होनी चाहिए?”, जबकि कक्षा 9 से 11 के छात्रों के लिए विषय रखा गया – “क्या होमवर्क पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए?” दोनों विषयों पर छात्रों ने प्रस्ताव और विपक्ष में तार्किक, प्रभावी और सुव्यवस्थित विचार रखे.

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुति और तर्क शैली ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया. निर्णायकों ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, स्पष्टता और टीमवर्क की सराहना की.

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रामा शंकर सिंह सहित शिक्षकगणों ने प्रतियोगिता में उपस्थित रहकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में आत्मअभिव्यक्ति की क्षमता बढ़ती है और उनका संचार कौशल निखरता है.
इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह और बौद्धिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया.

