
उदित वाणी, आदित्यपुर : झारखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (जियाडा) आदित्यपुर प्रक्षेत्र की प्रोजेक्ट क्लियरिंग कमेटी (पीसीसी) की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में उद्योग स्थापना, परियोजना परिवर्तन, स्वामित्व परिवर्तन, लीज ट्रांसफर समेत कई औद्योगिक मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं से संबंधित कुल 23 आवेदनों पर चर्चा की गई.
समिति ने सभी प्रस्तावों पर मंथन के बाद कुल 9 आवेदनों को सशर्त स्वीकृति प्रदान कर दी. जबकि शेष 14 आवेदनों में कागजी औपचारिकताओं की कमी पाई गई, जिनकी पूर्ति के लिए आवेदकों को निर्देशित किया गया है. इन प्रस्तावों पर अगली बैठक में विचार किए जाने की संभावना है. बैठक में उद्योगों को सुगमता प्रदान करने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, और औद्योगिक क्षेत्र में निवेश बढ़ाने को लेकर भी अधिकारियों ने संवाद किया.

जियाडा प्रबंधन ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित मानकों का पालन करने वाले प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ मंजूरी दी जाएगी. इस अवसर पर क्षेत्रीय उप निदेशक दिनेश रंजन, जिला उद्योग केंद्र के रवि शंकर, एसिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद के क्षेत्रीय पदाधिकारी जितेंद्र सिंह, सरायकेला प्रशासन की ओर से कार्यपालक दंडाधिकारी सत्येंद्र महतो सहित झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) और जुस्को के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

