
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा बाजार में बुधवार देर रात करीब 12 बजे अचानक लगी भीषण आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही मिनटों में आग ने आधा दर्जन दुकानों और गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, आशंका है कि किसी असामाजिक तत्व ने दुकानों में आग लगाई है, क्योंकि रात के समय अक्सर असामाजिक लोगों की मौजूदगी यहां देखी जाती है.
लोगों ने बताया कि दुकान से उठती लपटें देखकर सबसे पहले स्थानीय निवासी मौके पर जुटे और दुकान मालिकों को सूचना दी. साथ ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी खबर दी गई. लेकिन आरोप है कि दमकल की गाड़ियां काफी देर से घटनास्थल पर पहुंचीं, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई. दमकल के पहुंचने से पहले दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण प्रयास सफल नहीं हो सके.
इस घटना में दुकानदार दिना प्रसाद की किराना दुकान और उनके दो गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो गए. वहीं अजीत चंद्र और राजू राव की आलू-प्याज की दुकानें भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गईं. सभी दुकानदारों को मिलाकर 20 लाख रुपये से अधिक की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. आग लगने के वास्तविक कारणों की पड़ताल के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

