
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो डिमना रोड. उलीडीह थाना क्षेत्र से महज़ 200 मीटर की दूरी पर संकोसाई रोड नंबर-2 स्थित पवन पासवान के घर में बीती रात करीब 20 लाख रुपये की चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. घटना 18 नवंबर की देर रात की बताई जा रही है. घटना के समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था. परिजन भगिना के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए आदित्यपुर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया.
घटना की जानकारी पर स्थानीय जनसुविधा प्रतिनिधि संतोष भगत सबसे पहले मौके पर पहुंचे. उन्होंने तुरंत उलीडीह थाना पुलिस को सूचना दी. मौके पर टुनटुन सिंह, बाला प्रसाद, चेतक सिंह और विनय सिंह भी मौजूद थे, जिन्होंने घर की स्थिति देखी और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.

बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के दरवाज़े का ताला तोड़कर अलमारी व अन्य कमरों में रखे सामानों को पूरी तरह खंगाल दिया. परिवार ने लगभग 20 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने का अनुमान लगाया है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया जारी है ताकि चोरों की पहचान की जा सके.
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना पास में होने के बावजूद इस तरह की बड़ी चोरी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और टीम सक्रिय रूप से जांच में जुटी है.
परिवार के आदित्यपुर से लौटने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जानकारी पुलिस को दी गई. क्षेत्र में अचानक हुई इस बड़ी चोरी से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है. पुलिस ने जल्द मामले के उद्भेदन का भरोसा दिलाया है.

