
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बर्मामाइंस में मंगलवार को विधायक पूर्णिमा साहू ने लगभग 43 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. लगातार दूसरे दिन जारी इस विकास कार्यों के शिलान्यास से क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी.
शिलान्यास की गई योजनाओं में बर्मामाइंस भक्तिनगर में मुख्य मार्ग के दोनों ओर पेवर्स ब्लॉक अधिष्ठापन एवं पौधरोपण के साथ सौंदर्याकरण, श्री राम आश्रम परिसर में तार बाउंड्री और लोहे के स्थायी गेट का निर्माण, हिन्द आश्रम की बाउंड्री वॉल का मरम्मतिकरण, मनीफीट उड़िया बस्ती में सार्वजनिक कुएँ का सौंदर्याकरण समेत मनीफीट उड़िया बस्ती में सड़कों के निर्माण कार्य शामिल हैं. इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी विधायक पूर्णिमा साहू की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित कई समस्याओं का समाधान अब धरातल पर दिखने लगा है. मौके पर लोगों ने उनके समक्ष क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी रखा.
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जनहित के सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है. बर्मामाइंस समेत पूरे विधानसभा क्षेत्र में जिन समस्याओं की जानकारी मिली है, उन्हें सूचीबद्ध किया गया है और आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से उन्हें पूरा किया जाएगा. इस दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने संवेदकों से बात की और कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि विधानसभा का प्रत्येक मोहल्ला एवं प्रत्येक बस्ती क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़े, इसके लिए वे पूरी प्रतिबद्धता से प्रयासरत रहेंगी.
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक झा, पप्पू सिंह, रितेश झा, शशि सिंह, छोटु पांडेय, पिंटु रजक, पंकज राय, अजीत सिंह, नितेश सिंह, गौरी शर्मा, रवि यादव, देवलाल रजक समेत बड़ी संख्या में स्थानीय महिला एवं बस्तीवासी मौजूद रहे.

