
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के गाड़ीवान पट्टी में देर रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब विवाद के बीच अचानक गोलियां चलने लगीं। गोलीबारी की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पत्नी से विवाद बना फायरिंग की वजह
जानकारी के मुताबिक कीताडीह के रहने वाले जावेद, जो बंगलुरू में काम करते हैं, कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटे थे। देर रात उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी हीना खातुन मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत कर रही थी। जावेद ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हीना ने तुरंत अपने मायके वालों को फोन कर बुला लिया।
जावेद का कहना है कि कुछ ही देर में उसके ससुराल पक्ष के लोग पहुंचे और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उन पर गोलियां चलाई गईं। जावेद ने बताया कि वह किसी तरह खुद को बचाकर बाहर निकले और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
जावेद ने अपनी पत्नी हीना खातुन, साला मो. रियाशद, ससुर मो. लियाकत सहित अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। परसुडीह पुलिस ने बताया कि फायरिंग की पुष्टि हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

