
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल ने सलगा झरी वेस्ट केबीन स्टेशन पर दो जोड़ी ट्रेनों के ऑपरेशनल स्टॉपेज को समाप्त करने की औपचारिक घोषणा कर दी है. यह नया प्रावधान 16 नवंबर से प्रभावी होगा. आदेश के अनुसार अब ये ट्रेनें इस लोकेशन पर बिना रुके गुजरेंगी.
रेलवे द्वारा जारी सूचना के मुताबिक जिन दो जोड़ी ट्रेनों का ऑपरेशनल स्टॉपेज हटाया गया है, उनमें पहली है ट्रेन संख्या 18019/18020 झाड़ग्राम–धनबाद– झारग्राम और दूसरी है 68023/68024 झारग्राम–पुरुलिया–झारग्राम अब तक इन ट्रेनों का सलगाझरी वेस्ट केबीन वेस्ट केबिन पर तकनीकी/ऑपरेशनल प्रयोजनों के लिए संक्षिप्त ठहराव होता था, लेकिन रेलवे के परिचालन सुधार और सुचारू गति बनाए रखने के उद्देश्य से यह स्टॉपेज हटाया जा रहा है.
रेल अधिकारियों के अनुसार, इन तकनीकी बदलावों से ट्रेन संचालन की गति और समयबद्धता में सुधार होने की उम्मीद है. मंडल के ऑपरेशन विभाग का कहना है कि गैर-जरूरी ऑपरेशनल रुकावटें हटाने से न केवल मेन रूट पर भीड़ कम होगी, बल्कि ट्रेनों के औसत रनिंग टाइम में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह केवल ऑपरेशनल स्टॉपेज था, इसलिए इससे यात्रियों पर किसी प्रकार का सीधा असर नहीं पड़ेगा क्योंकि यहां कोई कमर्शियल ठहराव पहले से ही मौजूद नहीं था.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए अपने यात्रा कार्यक्रम को अपडेट रखें. मंडल ने यह भी कहा है कि भविष्य में आवश्यकतानुसार स्टॉपेज या परिचालन में किसी भी प्रकार का बदलाव रेलवे की आधिकारिक अधिसूचनाओं के माध्यम से समय-समय पर साझा किया जाएगा. इस फैसले को रेलवे के परिचालन दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है.

