उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र में 14 सितंबर की रात वादी मनोज कुमार सिंह से हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की प्राथमिकी 18 सितंबर को एमजीएम थाना में दर्ज की गई थी, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराएँ लागू की गई थीं.
घटना के अनुसार, मनोज कुमार सिंह रात करीब 10:30 बजे बालीगुमा से खाना लेकर बनमाली गार्डन स्थित अपने घर लौट रहे थे. तभी जैसे ही वे गोडगोडा सरकारी स्कूल के पास पहुँचे, स्कूटी पर सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा करते हुए बाइक को धक्का देकर गिरा दिया. इसके बाद मारपीट कर उनसे 10,500 रुपये नकद और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए.

घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एमजीएम थाना पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की. जांच में आरोपी राकु प्रसाद (29 वर्ष) और चंदन साव (25 वर्ष), दोनों निवासी ओलीडीह थाना क्षेत्र, की संलिप्तता पाई गई. पुलिस ने 13 नवंबर को दोनों को धर दबोचा. तलाशी के दौरान चंदन साव के पास से लूटा गया वीवो वाई-35 मॉडल का मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें उसके नाम से पंजीकृत सिम कार्ड भी लगा हुआ था.
पूछताछ में चंदन साव ने कबूला कि उसने यह मोबाइल राजु प्रसाद से 3,000 रुपये में खरीदा था. वहीं राजु प्रसाद ने स्वीकार किया कि उसने अपने एक अन्य साथी कर्मदेव कर्मकार के साथ मिलकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चंदन साव 2023 में मारपीट व आगजनी कांड में जेल जा चुका है, जबकि राजु प्रसाद 2021 में आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार हुआ था.
पुलिस अब फरार आरोपी कर्मदेव कर्मकार की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच जारी है.


