
उदित वाणी, जमशेदपुर : नेशनल एजुकेशन डे के उपलक्ष्य में, रंभा कॉलेज और रंभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र-छात्राओं ने जमशेदपुर स्थित परमाणु खनिज अन्वेषण तथा अनुसंधान निदेशालय (AMDER) का शैक्षणिक भ्रमण किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को परमाणु ऊर्जा के वैज्ञानिक और सामयिक पहलुओं की जानकारी देना था.
विद्यार्थियों ने निदेशालय में मौजूद वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों से संवाद किया, जिन्होंने उन्हें परमाणु ऊर्जा के विविध उपयोगों, अन्वेषण प्रक्रियाओं और आधुनिक आवश्यकता के महत्व को समझाया. छात्रों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और ज्ञान प्राप्त किया.
भ्रमण दौरान, विद्यार्थियों ने निदेशालय के संग्रहालय (Museum) और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं (Labs) का अवलोकन भी किया, जिससे उनका वैज्ञानिक और प्रायोगिक ज्ञान बढ़ा.
रंभा कॉलेज के डॉ. किशन कुमार शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर ऐश्वर्या श्री कर्मकार और असिस्टेंट प्रोफेसर शीतल कुमारी ने इस शैक्षिक कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कॉलेज के अध्यक्ष श्री राम बचन जी ने इसे छात्रों के समग्र विकास के लिए आवश्यक बताया, जबकि सचिव गौरव बचन ने शिक्षा में व्यावहारिक ज्ञान की महत्ता पर जोर दिया.

