
उदित वाणी, आदित्यपुर : नगर निगम, आदित्यपुर के तहत “हर वार्ड दस्तक” अभियान के अंतर्गत वार्ड संख्या 04 में नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश ने वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी जन समस्याओं को जाना. उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्देश दिए.
वार्ड 04 में कचड़ा उठाव, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, होल्डिंग टैक्स, जल शुल्क, प्रधानमंत्री आवास योजना और जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे मुद्दों का समाधान किया गया. साथ ही पूर्व पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा बताई गई अन्य समस्याओं का विस्तार से परीक्षण कर शीघ्र निवारण के लिए संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण करवाने एवं उपाय करने के निर्देश दिए गए.
कचड़ा उठाव में लापरवाही पर एजेंसी को फटकार लगाते हुए साफ-सफाई कार्य में सुधार हेतु कठोर आदेश भी दिए गए. प्रशासक ने भालोटिया रोड, मोती नगर काली मंदिर के पीछे नाली निर्माण, गायत्री नगर रोड में ह्यूम पाइप एवं सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण, गम्हरिया खटाल के पीछे नाली की सफाई जैसे कार्यों का निरीक्षण कर तत्काल क्रियान्वयन के निर्देश दिए.
घर-घर कचड़ा उठाव को सुनिश्चित करने के लिए नगर प्रबंधक की निगरानी में साफ-सफाई अभियान की शुरुआत हुई, जिसमें मुख्यत: भालोटिया फैक्ट्री के पीछे कचड़ा ट्रेक्टर और जेसीबी द्वारा हटाया गया. यह अभियान अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा.
इस अवसर पर पूर्व पार्षद मनोरमा देवी, सोनू सिंह, विनोद सिंह, कार्यपालक अभियंता, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, प्रधानमंत्री आवास योजना विशेषज्ञ, जन्म मृत्यु विभाग के पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, राजस्व निरीक्षक, जलापूर्ति एजेंसी, क्यूब बायोटेक और स्पैरो सॉफ्टेक के कर्मचारी तथा अन्य लोग उपस्थित थे.

