
उदित वाणी, जमशेदपुर : मंगलवार तड़के बोड़ाम थाना क्षेत्र के हलुदबनी ओपी के पास एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. जमशेदपुर से बोकारो जा रही शहंशाह नामक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने खेत में जा घुसी. बस में दर्जनों यात्री सवार थे, लेकिन सौभाग्य से किसी के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अत्यधिक रफ़्तार में थी. सड़क पर अचानक आए मोड़ पर चालक संतुलन नहीं बना सका और बस का आधा हिस्सा खेत में धंस गया. हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, कई लोग खिड़कियों से निकलकर बाहर आए. सूचना मिलते ही हलुदबनी ओपी के पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.

थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई है. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें पास के सुरक्षित स्थल पर पहुंचाया गया. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही और तेज़ रफ़्तार प्रतीत होती है. बस को सड़क किनारे से हटाने के लिए क्रेन की सहायता ली जा रही है.
स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में पुलिस की मदद की. उन्होंने यात्रियों को पानी और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई. दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से जल्द ही बहाल कर दिया गया.
पुलिस ने बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और वाहन को जब्त कर लिया गया है. राहत की बात यह रही कि बस पलटने से पहले ही रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

