
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो शव बरामद किए हैं. पहला शव भोला बगान स्थित नाला से बरामद किया गया, जबकि दूसरा शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला. दोनों मामलों में घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
केस 1 – नाला से मिला अज्ञात शव
भोला बगान के नाले में स्थानीय लोगों ने सुबह एक शव देखा. सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला. शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर पहचान की कोशिश की, पर सफलता नहीं मिली. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. घटना के कारणों का खुलासा समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सका था.
केस 2 – रेलवे ट्रैक पर युवक की मौत
दूसरी घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैक की है, जहां एक युवक का शव मिला. मृतक की पहचान परसुडीह के दयाल बस्ती निवासी सागर कैवर्त (30) के रूप में हुई है. प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि युवक की मौत ट्रेन से कटने के कारण हुई. शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है.
दोनों घटनाओं की जांच गोविंदपुर पुलिस कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

