
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हिन्दू बस्ती में सोमवार की देर रात अचानक लगी आग से एक हॉलसेल रेडिमेड कपड़ा दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई. देर रात लगी आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. बताया जाता है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही घंटों में पूरा दुकान धुएं और लपटों में घिर गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात आग लगने के बाद इलाके में धुआं फैल गया, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी. अहले सुबह जब लोगों ने दुकान से धुआं उठते देखा तो उन्होंने तुरंत दुकानदार और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था.
दुकानदार के मुताबिक, दुकान में बड़ी मात्रा में रेडिमेड कपड़े, फर्नीचर, कैश काउंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था. आग की लपटों ने सब कुछ राख में बदल दिया. अनुमान लगाया जा रहा है कि इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं फायर ब्रिगेड विभाग ने भी घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. इस घटना से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है.

