
उदित वाणी, जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के बिड़ा गांव में सोमवार की दोपहर एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान 20 वर्षीय रिया प्रमाणिक के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, रिया की शादी करीब 15 दिन पूर्व ही बिड़ा निवासी रवि प्रमाणिक के साथ हुई थी. ग्रामीणों के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों के बीच आपसी विवाद चल रहा था. बताया गया कि रिया की शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी.
घटना सोमवार दोपहर की है. रिया ने घर के कमरे में खुद को बंद कर लिया था. कुछ देर तक कोई आवाज न आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद दरवाजे की झिरी से झांकने पर वह दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी मिली. परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पटमदा थाना को दी.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी करमपाल भगत दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने दरवाजा तोड़वाकर शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. मृतका के मायके वालों को दोपहर करीब दो बजे घटना की सूचना दी गई. वे शाम चार बजे बिड़ा पहुंचे और घटना की जानकारी ली. शाम करीब सात बजे पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया.
मृतका के मायके पक्ष ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने बताया कि रिया ने कभी इस तरह का कदम उठाने की बात नहीं की थी. हालांकि उन्होंने किसी पर आरोप नहीं लगाया है. पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल में जुटी है.

