
उदित वाणी, रांची : रांची-टाटा नेशनल हाईवे 33 पर बुंडू थाना क्षेत्र के गोसाईंडीह के पास गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. आदिवासी जनाक्रोश रैली में शामिल होने जा रहे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 यात्री घायल बताए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, अड़की प्रखंड के बिरड़ीह गांव से एक सवारी वाहन रैली में भाग लेने के लिए बुंडू स्थित ताऊ मैदान की ओर जा रहा था. इसी दौरान वाहन ने टाटा की दिशा से आ रही एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी अचानक आगे का टायर फट गया. तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और बस से टकराने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया.
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए और गाड़ी में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. सूचना मिलते ही बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश, एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा और थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन की मदद से सभी घायलों को बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया.
इस बड़े हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. हादसे के बाद बुंडू ताऊ मैदान में प्रस्तावित आदिवासी जनाक्रोश रैली को स्थगित कर दिया गया है. फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की जा रही है और पूरे मामले की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है.

