
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रवात ‘मोंथा’ से दक्षिण ओडिशा क्षेत्र में तेज हवाओं और रुक-रुक कर हुई वर्षा के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई. टाटा पावर संचालित टीपी साउदर्न ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (TPSODL) ने त्वरित तत्परता, पूर्व तैयारी और समन्वित पुनर्स्थापन प्रयासों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और आवश्यक जनसेवाओं की आपूर्ति शीघ्र बहाल कर दी. इस अभियान में कुल 5925 कर्मचारी तैनात रहे.
टीपीएसओडीएल के लिए चक्रवात के दौरान और बाद में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की बहाली सर्वोच्च प्राथमिकता रही. पेयजल आपूर्ति तंत्र, अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सहित सभी महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्थानों की बिजली व्यवस्था दक्षिण ओडिशा के सभी क्षेत्रों में 100 प्रतिशत पुनर्स्थापित कर दी गई है.
जिला प्रशासन के समन्वय से टीपीएसओडीएल ने बिजली आपूर्ति को शीघ्र पुनः सक्रिय किया जिससे पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन बिना बाधा जारी रह सका. संस्था की यह तत्परता उसकी सेवा निरंतरता और आपदा के समय सामुदायिक सहायता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. वितरण स्तर पर 94 प्रतिशत पुनर्स्थापन कार्य अब तक पूरा हो चुका है.
संवेदनशील क्षेत्रों में बैकअप पावर सिस्टम पहले से स्थापित किए गए हैं ताकि फीडर ट्रिपिंग या बाढ़ जैसी स्थितियों में आपूर्ति बाधित न हो. सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय लगातार जारी है ताकि नई बारिश या तेज हवाओं से किसी भी प्रकार की संभावित बाधा का तुरंत समाधान किया जा सके. मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार दक्षिण ओडिशा में भारी वर्षा और तेज हवाओं की स्थिति को देखते हुए टीपीएसओडीएल पूर्ण सतर्कता के साथ 24×7 कंट्रोल रूम निगरानी, पूर्ण जनशक्ति सक्रियता और जिला व राज्य प्रशासन के समन्वय में कार्यरत है.

