
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित टाटा स्टील के खाली पड़े के-2 क्वार्टर में मंगलवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने रवि महानंद उर्फ गोपला को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जिसके पैर में गोली लगी है. उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल, गोली, खोखा, शराब की बोतल, डिस्पोजल ग्लास, मिक्सचर और बिछा प्लास्टिक बरामद किया.
घटनास्थल से एक अन्य आरोपी फरार हो गया था. पुलिस ने 28 अक्तूबर की रात सीतारामडेरा स्लैग रोड से उसी गिरोह के आकाश सिंह उर्फ लालू को गिरफ्तार किया. जांच में दोनों ने 10 अक्टूबर को व्यवसायी हरेराम सिंह के घर पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात कबूल की. पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों पूर्व में हरेराम सिंह के बेटे हरीश सिंह के व्यवसाय से जुड़े थे और शराब दुकान ठेका न मिलने से नाराज होकर उन्होंने कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा के गिरोह से संपर्क किया.

सुजीत सिन्हा ने दुबई में रह रहे गैंगस्टर प्रिंस खान के माध्यम से हरेराम सिंह से रंगदारी मांगी थी. रंगदारी नहीं देने पर 10 अक्टूबर को फायरिंग की घटना अंजाम दी गई. हथियार रांची में रिया सिन्हा और बबलू खान से मिले थे. पुलिस पहले ही 23 अक्टूबर को दशरथ शुक्ला को तीन पिस्तौल व गोलियों के साथ गिरफ्तार कर चुकी है. सिटी एसपी ने बताया कि इस मुठभेड़ और कार्रवाई से अपराधियों का मनोबल टूटा है और गिरोह के कई राज अब खुलने की उम्मीद है.

