
उदित वाणी, कोलाबीरा : गम्हरिया थाना क्षेत्र के पाकुड़गोड़ा में रेल पटरी के पास सोमवार देर रात एक युवक का लहुलूहान शव बरामद किया गया है. मृतक की शिनाख्त पाकुड़गोड़ा निवासी गौर करूवा का पुत्र राकेश करूवा (22) के रूप में की गई. घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना प्रभारी कुणाल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया.

परिजनों के अनुसार, रविवार रात राकेश अपनी मां के लिए दवा लाने पैदल ही गम्हरिया रेलवे स्टेशन गया था. घर नहीं लौटने पर परिजनों ने कई बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. खोजबीन के दौरान राकेश घायल अवस्था में रेल पटरी पर पाया गया. तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से एमजीएम रेफर किया गया. चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक के दोनों कानों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं. पुलिस मामले की जांच के हर पहलू पर गहनता से कर रही है. सोमवार देर रात गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया. घटना के बाद से ग्रामीणों में शोक का माहौल बना हुआ है.

