
उदित वाणी, चाईबासा : लोक आस्था के महापर्व *छठ* की तैयारियाँ गुवा में पूरे जोरों पर हैं. व्रतधारियों और श्रद्धालुओं द्वारा कुसुम घाट समेत विभिन्न छठ घाटों की घेराबंदी कर सफाई अभियान शुरू किया गया है. श्रद्धालुओं ने पत्थर रखकर छठ पूजा के लिए स्थान तय किए और घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित की, ताकि किसी को पूजा के दौरान कोई असुविधा न हो.

समाजसेवियों की ओर से घाटों और सड़कों पर लाइट लगाने की तैयारी की जा रही है, जिससे शाम और सुबह अर्घ्य के समय पर्याप्त रोशनी बनी रहे. रविवार शाम खरना पूजा के बाद श्रद्धालु खीर-पूरी का प्रसाद ग्रहण करेंगे. सोमवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा.
इसी के साथ गुवा बाजार में भी छठ पर्व की रौनक दिखाई दे रही है. फलों की दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, ताकि व्रतधारी महिलाएं पूजा हेतु फल आसानी से खरीद सकें. वहीं आटा चक्कियों में विशेष साफ-सफाई कर केवल छठ पूजा के लिए गेहूं की पिसाई की जा रही है. समाजसेवियों ने रविवार को सड़कों पर झाड़ू लगाने और पानी का छिड़काव करने की योजना बनाई है, ताकि पूरा क्षेत्र स्वच्छ एवं भक्तिमय बना रहे.

