
उदित वाणी, चाईबासा : बड़ानंदा, जगन्नाथपुर क्षेत्र में JSLPS की दीदियों ने सराहनीय मानवता का परिचय देते हुए एक भटके हुए नाबालिग बच्चे को सुरक्षित घर पहुंचाया. जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2025 को एक नाबालिग लड़का रास्ता भटककर दुकान के समीप सड़क किनारे बैठा मिला. उसी समय वहां से गुजर रहे TRI के दीपक जी ने बच्चे को देखकर मदद की और उसे कोटगढ़ पंचायत भवन ले आए. पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम सुकराम बुढ़मा (उम्र लगभग 12–15 वर्ष) बताया. उसने बताया कि वह मनोहरपुर प्रखंड के छोटा नागरा पंचायत के तेंतलीघाट बहदा गांव का रहने वाला है.

घटना की सूचना JSLPS के कोटगढ़ GJC केंद्र को दी गई, जहां पैरालीगल सावित्री नायक ने बच्चे की काउंसलिंग की. बच्चे ने बताया कि वह जमशेदपुर से तीन दिन से भूखा-प्यासा पैदल चलकर यहां पहुंचा है. परिजनों से संपर्क साधने में TRI की सुष्मिता दीदी ने सहयोग किया, वहीं JSLPS की मैंजती, कुसुम और जेमा दीदी ने उसे सरवाई में उसके रिश्तेदार के पास पहुंचाने में मदद की.
बच्चे की तबीयत खराब होने पर दीदियों ने उसे भोजन, पानी और दवा उपलब्ध कराई. अगले दिन जब परिजन नहीं आए, तो बच्चा घर जाने की जिद करने लगा. इस पर पैरालीगल सावित्री दीदी ने TSF सदस्य चंदन मिश्रा से संपर्क किया. उन्होंने तुरंत वाहन की व्यवस्था कर बच्चे को उसके गांव सुरक्षित भेजा.
JSLPS की दीदियों और अधिकारियों की तत्परता से नाबालिग सुकराम सुरक्षित अपने घर लौट सका. स्थानीय ग्रामीणों ने इस मानवीय कार्य के लिए JSLPS टीम व TRI सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया.

