
उदित वाणी, गुवा : सेल गुवा के सिविल विभाग की सेवा इन दिनों पूरी तरह ठप्प पड़ी है. क्षेत्र के लोगों ने बताया कि अव्यवस्था के कारण टाउनशिप के किसी भी क्षेत्र में साफ-सफाई और क्वार्टर का काम ठीक से नहीं हो रहा है. टाउनशिप डेवलपमेंट का कार्य पूरी तरह से ठप पड़ा है, जिससे क्षेत्र में असंतोष फैल गया है.
यह स्थिति तब बनी जब सिविल विभाग के सिविल अभियंता एवं महाप्रबंधक संजय बनर्जी को प्रशासनिक स्तर पर आरोप लगाकर सेल के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक कमल भास्कर के निर्देश पर एचआरडी विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया. इस निर्णय के विरोध में ग्रामीणों और सेल कर्मचारियों ने विरोध जताया है.
संजय बनर्जी के स्थानांतरण का कारण पिछले वर्ष छत के निर्माण के दौरान हुई दुर्घटना को बताया जाता है, जिसमें 23 वर्षीय कानू राम चाँपिया का निधन हो गया था. मृतक के पिता ने लिखा कि यह दुर्घटना छत पर काम करते समय चक्कर आने के कारण हुई थी. इसी आधार पर संजय बनर्जी को सिविल विभाग से हटाने का निर्णय लिया गया था.
हालांकि फिलहाल विद्युत विभाग के महाप्रबंधक इल्क्ट्रीक इंजीनियर द्वारा सिविल विभाग का कार्य संभाला जा रहा है, लेकिन यह व्यवस्था क्षेत्रवासियों को मंजूर नहीं है. लोगों ने बोकारो सेल बीएसएल के वरिष्ठ कार्यपाल निदेशक से अपील की है कि अनुभवी एवं वर्षों से सिविल विभाग में कार्यरत अभियंता संजय बनर्जी को पुनः सिविल विभाग में पदस्थापित किया जाए, ताकि कार्ययोजना सुचारू रूप से चल सके और टाउनशिप का विकास नियमित हो सके.

