
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र के पटमदा बस्ती में काली पूजा और दीपावली की रात मारपीट की बड़ी घटना सामने आई है. घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पीड़ित दिलीप प्रमाणिक ने इस संबंध में पटमदा थाना में मामला दर्ज कराया है.
दिलीप प्रमाणिक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार की रात काली पूजा के मौके पर वे अपने घर के सामने ढोल-नगाड़ा बजा रहे थे. इसी दौरान गांव के सोनू प्रमाणिक, सफीख शेख, जयप्रकाश प्रमाणिक, आकाश प्रमाणिक, अजय प्रमाणिक, मनोज प्रमाणिक और अश्विनी प्रमाणिक का साला बाइक से आकर उनके घर में घुस गया. आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए दिलीप प्रमाणिक, उनकी पत्नी देवती प्रमाणिक, पुत्र गौतम प्रमाणिक, तापस प्रमाणिक, भतीजा प्रधान प्रमाणिक और उत्तम प्रमाणिक के साथ मारपीट कर दी.

हमले में कई लोग बुरी तरह घायल हो गए. दिलीप प्रमाणिक ने आरोप लगाया कि जब वे थाना शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो आरोपियों ने गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.


