
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में 12 अक्टूबर की रात हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी राज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जुगसलाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल भी बरामद की गई है.
घटना जुगसलाई के मिलतनगर स्थित जावेद होटल के पास की है, जहां आपसी रंजिश में शब्बू टाल मालिक के पुत्र समीर सैफ और उसके सहयोगी अल्तमश पर राज व उसके साथियों ने 3 से 4 राउंड फायरिंग की थी. गोलीबारी की इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी राज किसी ठिकाने पर छिपा हुआ है. इसके बाद छापेमारी कर उसे पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल जुगसलाई थाने में उससे पूछताछ जारी है. पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग में शामिल अन्य सहयोगी कहां छिपे हैं और हथियार कहां से आए.
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है.

