
उदित वाणी, रांची : राजेन्द्र इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रिम्स में अब इलाज के दौरान किसी की मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को 5 हजार रुपये की सहायता राशि दी जायेगी. रिम्स शासी परिषद की गुरूवार को हुई बैठक में उक्त अहम निर्णय लिया गया. स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी ने शासी परिषद की बैठक के बाद इसकी जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि रिम्स में इलाज के दौरान मृत्यु होने पर तत्काल 5 हजार रुपये की राशि मौके पर ही यूपीआई के माध्यम से दी जायेगी. उन्होंने कहा कि रिम्स में मृत्यु दर में हो रही वृध्दि को लेकर यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया. इसके अलावा रिम्स के लिए 5 नये मोक्ष वाहन भी खरीदे जायेंगे. वहीं उन्होंने बताया कि रिम्स के एएनएम-जीएनएम के वेतन में वृध्दि करने का भी निर्णय लिया गया. अगली बैठक 12 नवंबर को होगी.

