
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब डिवीजन के पास स्थित मुखी बस्ती निवासी मित्रो पात्रो का 24 वर्षीय पुत्र शिव पात्रो बीते कई दिनों से लापता है. परिवार के अनुसार, वह 26 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे आधार कार्ड में सुधार करवाने के लिए घर से निकला था, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटा.
परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों और परिचितों के यहां युवक की खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद मित्रो पात्रो ने बर्मामाइंस थाना में अपने पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि शिव पात्रो उस दिन सफेद टी-शर्ट और मेहंदी रंग का पैजामा पहने हुए था. घर से निकलने के बाद से उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है. थानेदार ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और युवक की तस्वीर अन्य थानों में भी साझा की गई है.
वहीं पिता मित्रो पात्रो ने आम लोगों से भी मदद की अपील की है. उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनके पुत्र शिव पात्रो के बारे में कोई जानकारी मिले तो वे 6206422236, 9234338731 या 9279010968 नंबर पर संपर्क करें. परिवार जनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से जल्द से जल्द पुत्र को खोज निकालने की गुहार लगा रहे हैं.

