
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका और राजनगर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित छोटा सिजुलता गांव में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। अज्ञात चोरों ने शिक्षिका सुरेखा सतपति और उनके पति रवि कुमार सतपति के घर को निशाना बनाते हुए करीब 17 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दंपति बुधवार को अपने भतीजे सूरज नंदा की सगाई समारोह में शामिल होने के लिए हाता स्थित इंपिरियल रिजॉर्ट गए थे। दोपहर 11 बजे घर से निकले परिवार के सदस्य जब शाम करीब 5 बजे लौटे, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर दोनों गोदरेज टूटे हुए मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
चोर घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए गहनों में चार चेन, 11 अंगूठियां, एक हार, एक ब्यूटी सेट और तीन सेट झुमके शामिल हैं।
घटना की सूचना तत्काल राजनगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है।
गृहस्वामी रवि सतपति ने कहा कि “चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि हाईवे किनारे स्थित घर में भी दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं।” उन्होंने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है और गश्ती बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने जल्द अपराधियों को पकड़ने का भरोसा दिया है।

