
उदित वाणी, जमशेदपुर : दीपावली नजदीक आते ही जुगसलाई के कई आवासीय इलाकों में एक बार फिर पटाखों की अवैध बिक्री शुरू हो गई है. जिला प्रशासन और नगर परिषद की सख्त हिदायतों के बावजूद कुछ दुकानदार चोरी-छिपे पटाखों का स्टॉक जमा कर बिक्री कर रहे हैं, जिससे सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.
हर साल की तरह इस बार भी जुगसलाई के पिगमेंट गेट के आसपास दुकानें लगाने की तैयारी थी, लेकिन प्रशासन ने वहां पटाखा बाजार लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है. उपायुक्त (DC) ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि यदि किसी ने आदेश का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जुगसलाई नगर परिषद ने भी सभी दुकानदारों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपनी दुकानों या घरों में पटाखों का स्टॉक न रखें और न ही बिक्री करें. बावजूद इसके, कुछ व्यापारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और बैनरों के माध्यम से छिपे तौर पर बिक्री का प्रचार कर रहे हैं.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ दुकानदार अपने घरों या पिछली गलियों से पटाखे बेच रहे हैं. इससे न केवल प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना हो रही है बल्कि आग लगने या विस्फोट जैसी घटनाओं का भी खतरा बढ़ गया है. बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं.
प्रशासन ने कहा है कि आने वाले दिनों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाएगा. जहां भी अवैध रूप से पटाखों की बिक्री पाई जाएगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी. नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें ताकि सुरक्षित और प्रदूषण-मुक्त दीपावली सुनिश्चित की जा सके.

