
उदित वाणी, जमशेदपुर : अपराध नियंत्रण, अवैध हथियार और मादक पदार्थ की खरीद बिक्री एवं सम्पत्ति मूलक अपराधो की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत आदित्यपुर पुलिस के द्वारा मुस्लिम बस्ती में छापामारी की गई. छापामारी के दौरान अवैध खरीद बिक्री करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 207.91 ग्राम ब्राउन शुगर तथा लावा कंपनी का एक की पेड मोबाइल फोन भी बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मुस्लिम बस्ती के एच रोड निवासी शाहबाज खान, दुर्ग (छत्तीसगढ़) के जामुन थाना क्षेत्र निवासी मो समीर उर्फ मो आयान तथा मुर्शिदाबाद (बंगाल) के लालगोला थाना क्षेत्र निवासी रफीकुल इस्लाम का नाम शामिल है, जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुस्लिम बस्ती में कुछ लोगो के द्वारा अवैध रुप से ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री की जा रही है. प्राप्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु सरायकेला के अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. गठित छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मुस्लिम समाज में छापामारी कर आरोपियों को धर दबोचा. शाहबाज खान का है आपराधिक इतिहास मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर निवासी शाहबाज खान का अपराधिक इतिहास रहा है तथा उसके विरुद्ध आदित्यपुर थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं. इसमें दो मामले एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है.
छापामारी दल में शामिल थे निम्न पुलिसकर्मी
सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया के नेतृत्व पुलिस दल का गठन किया गया था. गठित पुलिस दल में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, पुअनि विनोद टुडू, पुअनि सुरेश राम, पुअनि रामरेखा पासवान, पुअनि कौशल कुमार, पुअनि सुषमा कुजूर, सअनि शमा सुसारी लकड़ा तथा सशस्त्र बल शामिल थे.

