
उदित वाणी जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्म नगर निवासी 72 वर्षीय जुए नंदन सिंह का शव रविवार सुबह मानगो गोर बस्ती इलाके में मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मानगो थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक जुए नंदन सिंह टाटा मुख्य अस्पताल में कार्यरत रह चुके थे। परिजनों ने बताया कि छह माह पूर्व उनका ऑपरेशन हुआ था और वे अस्वस्थ चल रहे थे। शनिवार को वे वर्कर्स कॉलेज के पास नदी में नहाने गए थे, जहां डूबने की आशंका जताई जा रही है। रविवार सुबह गोर बस्ती के पास उनका शव देखा गया।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों ने बताया कि वे रोजाना टहलने जाते थे और अस्वस्थता के बावजूद नियमित दिनचर्या निभाते थे। पुलिस का कहना है कि मौत के कारण का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगा।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

