
उदित वाणी, जमशेदपुर : जन समस्याओं पर लापरवाही अब नहीं चलेगी — इस स्पष्ट संदेश के साथ उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और सभी विभागीय पदाधिकारियों को समयबद्ध समाधान के सख्त निर्देश दिए.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग शामिल हुए. नागरिकों ने चिकित्सा सहायता, मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का लाभ, पेयजल संकट, विद्युत आपूर्ति, आवास विवाद, ट्रांसजेंडर समुदाय की मांग, अंत्येष्टि सहायता, बिल्डर धोखाधड़ी, दबंगों की धमकी और पारिवारिक विवाद जैसे मुद्दों पर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं.

उपायुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि—जन शिकायत निवारण दिवस सिर्फ औपचारिकता नहीं, यह प्रशासन और जनता के बीच भरोसे की डोर है. किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए तत्काल संज्ञान लें. विशेषकर चिकित्सा, धोखाधड़ी और धमकी से जुड़े प्रकरणों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक आवेदन की विभागवार समीक्षा कर समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और हर शिकायतकर्ता को उसके आवेदन की स्थिति से अवगत कराया जाएगा.

