
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना पुलिस ने एक पेशेवर बाइक चोर गिरोह का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में जुम्मन, सैयद मोसिन उर्फ विक्की, कादिर खान और आयान उर्फ छोटी शामिल हैं. पुलिस ने इस कार्रवाई को मानगो थाना कांड संख्या 240/2025 दिनांक 25.09.2025 के तहत अंजाम दिया.
पुलिस ने बताया कि ये आरोपी लंबे समय से विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे. टीम ने चोरी गई सात मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं, जो गिरोह द्वारा चोरी की गई थीं. अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय था और इनके खिलाफ कई पुराने कांड दर्ज हैं.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं. इनमें मानगो, आजादनगर, कदमा, एमजीएम, साकची और विष्णुपुर थाना क्षेत्रों के मामले शामिल हैं. पुलिस ने माना है कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं में कमी आएगी और सुरक्षा बेहतर होगी.
इन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और पुलिस ने उनसे पूछताछ जारी रखी है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके.

