
उदित वाणी, आदित्यपुर : कर्मचारी राज्य बीमा निगम के द्वारा देश भर में चलाए जा रहे विशेष पंजीकरण अभियान के तहत एशिया भवन, आदित्यपुर के सभागार में आज उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम के पदाधिकारियों की संयुक्त संगोष्ठी आहूत की गई. संगोष्ठी में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
संगोष्ठी में उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों को ईएसआईसी में पंजीकरण की विस्तृत जानकारी देते हुए इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई. वहीं, उद्यमी संगठनों ने भी इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया. उद्यमी संगठन एसिया के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल ने बताया कि कुछ कम्युनिकेशन गैप के कारण कई उद्यमी इसके लाभ से वंचित रहते हैं. साथ ही अपने कामगारों को भी इसका लाभ नहीं दिला पाते हैं.
श्री अग्रवाल ने अगर हर तीन माह के अंतराल पर इस तरह का कार्यशाला हो, तो इससे उद्यमियों एवं कर्मियों को काफी फायदा होगा. एसिया इस दिशा में पहल करेगा. ईएसआईसी अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में श्री अग्रवाल ने कहा कि पहले की तुलना में अभी काफी बेहतर सुविधा मिल रही है. और गंभीर मामलों में रेफर की प्रक्रिया भी सुचारू ढंग से की जा रही है. भविष्य में इसे और बेहतर बनाने की योजना है.

