
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोंटा माधवपुरसातनाला मुख्य सड़क पर सोमवार शाम एक बस और पिकअप वैन आमने-सामने टकरा गई. हादसे में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गनीमत रही कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं लगी.
स्थानीय लोगों ने बताया कि पटमदा मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति होने के कारण धनबाद जाने वाली लंबी दूरी की बस जमशेदपुर से बोड़ाम मार्ग से निकाली गई थी. वहीं, पिकअप वैन जमशेदपुर की ओर लौट रही थी. केंदडीह टर्निंग पॉइंट पर मोड़ के दौरान दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर कुछ देर अफरातफरी मच गई. आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. ग्रामीणों ने बताया कि यदि वाहन तेज रफ्तार में होते तो बड़ा हादसा हो सकता था.
हादसे की सूचना पर पुलिस को खबर दी गई, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची. बाद में पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि केंदडीह टर्निंग पॉइंट पर सड़क का ढाल और मोड़ खतरनाक है. इस कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं.

