
उदित वाणी, जमशेदपुर : पटमदा थाना अंतर्गत जलडहर स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। सुबह करीब 7:15 बजे एक बालू लदे हाइवा ने बाइक सवार युवक गंगासागर टुडू को कुचल दिया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और सुबह 8 बजे से टाटा–पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
जाम का असर बेलटांड़–जोड़सा रोड, बेलटांड़–रघुनाथपुर, जलडहर और गाड़ीग्राम समेत आसपास की सभी सड़कों पर पड़ा। स्कूली बच्चों से लेकर यात्री बसों के यात्री तक घंटों परेशान रहे। कुछ बसें भुईयांसिनान से भूला रोड होते हुए चलीं, लेकिन मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध रहा। दोपहर 1 बजे तक भी हालात सामान्य नहीं हो पाए थे।
ग्रामीण मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। लावा पंचायत के मुखिया कानूराम बेसरा ने बताया कि गाड़ी मालिक चौका निवासी मिथुन सोरेन के प्रतिनिधि ने अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की है। गाड़ी मालिक के आने और बातचीत होने के बाद ही आंदोलन खत्म होगा।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में महिला–पुरुष लाठी-डंडों के साथ जुटे हुए हैं और बाइक समेत अन्य वाहनों को रोक रहे हैं। मौके पर पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर लोगों को समझाने में लगे हैं, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हैं।
गौरतलब है कि मृतक गंगासागर टुडू दो भाइयों में बड़े थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। छोटे भाई हेमसागर का रो-रोकर बुरा हाल है। अविवाहित गंगासागर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

