
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के मौनी बाबा मंदिर के पास शनिवार देर शाम ब्लिंकिट कर्मचारियों और स्थानीय बस्तीवासियों के बीच विवाद मारपीट और पथराव तक पहुंच गया. करीब दो घंटे तक हंगामे के कारण पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा.
जानकारी के अनुसार, बाबा कुटीर मंदिर के समीप ब्लिंकिट का एक स्टोर संचालित है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टोर कर्मी डिलीवरी गाड़ियां सड़क पर खड़ी कर देते हैं, जिससे रोजाना जाम लगता है. शनिवार को इसी बात को लेकर एक युवक ने विरोध किया, जिसके बाद कर्मचारियों से उसकी कहासुनी मारपीट में बदल गई. घटना की सूचना मिलते ही बस्तीवासी बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर स्टोर का घेराव करने लगे. देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया.
मामले की गंभीरता देखते हुए मौके पर पहुंची सोनारी पुलिस भीड़ को नियंत्रित नहीं कर सकी. स्थिति बिगड़ने पर त्वरित कार्रवाई बल को बुलाया गया. क्यूआरटी ने हस्तक्षेप कर किसी तरह माहौल को शांत कराया. इसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई.
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया है. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, स्थानीय बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद वाहन खड़ी करने की समस्या का समाधान नहीं हो रहा, जिसके कारण विवाद बढ़ते जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने इलाके में स्थिति पर कड़ी नजर रखी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

