
उदित वाणी, जमशेदपुर : डी.बी.एम.एस कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शनिवार को भव्य आराधना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ‘भैरवी उत्सव’ का आयोजन किया गया. दुर्गा पूजा के आह्वान स्वरूप आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे कॉलेज परिसर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भुवनेश्वर से आए आर.एम.डी. वूमेन्स डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार राउत और विशिष्ट अतिथि आईक्यूएसी गाइड व समन्वयक श्री दिलीप महाराज रहे. इस अवसर पर डी.बी.एम.एस ट्रस्ट की संरक्षिका श्रीमती भानुमति नीलकंठन, ज्वाइंट चेयरपर्सन श्रीमती कमला सुब्रमण्यम, प्रबंधन समिति की सचिव श्रीमती श्रीप्रिया धर्मराजन, सह सचिव श्रीमती सुधा दिलीप व गवर्निंग बॉडी के सचिव श्री सतीश वसांग भी मौजूद थे.
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और मंगलाचरण के साथ हुआ. इसके बाद बी.एड विद्यार्थियों ने “जय जय हे जग जननी” जैसे मधुर भक्तिगीत प्रस्तुत कर सभागार को भक्तिमय बना दिया. दक्षिण भारतीय महिला समाज ने “वसुधैव कुटुम्बकम” जैसी भारतीय सांस्कृतिक भावना को गीतों के माध्यम से मंचित किया.
इसके बाद कॉलेज की विभिन्न 9 इकाइयों के छात्रों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें गीत, नृत्य, नाटक और लोकनृत्य शामिल थे. डी.बी.एम.एस परिवार से जुड़े स्कूलों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी विशेष बनाया.
– डी.बी.एम.एस इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों ने नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की.
– डी.बी.एम.एस करियर अकादमी के छात्रों ने बांग्ला भाषा में गीत गाया.
– कदमा हाई स्कूल की छात्राओं ने ग्रामीण परिवेश पर आधारित गीत प्रस्तुत किया.
– वेल्लीपुट स्कूल ने ऊर्जावान नृत्य-नाटिका “दुग्गा एलो” पेश किया.
– डी.बी.एम.एस गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक सांथाली नृत्य किया.
कॉलेज के विद्यार्थियों अनु महतो, निप्पू रानी, अनुष्का सिंह, पूजा टंडन, अपर्णा, श्रद्धा, श्रेया, मीनाक्षी, कनुप्रिया, विनीता, पूनम, चांदमणी सहित अनेक छात्राओं ने मां दुर्गा पर आधारित प्रस्तुति के जरिए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. अलुमनाई संघ “सेतु” ने भी समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जिसने खूब तालियां बटोरीं.
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. जूही सामर्पिता ने कहा कि मां दुर्गा का भैरवी रूप दस महाविद्याओं में पांचवीं शक्ति का प्रतीक माना जाता है और यह विद्या विश्व की अधिष्ठात्री है. सांस्कृतिक क्लब की मॉडरेटर अमृता चौधरी के नेतृत्व में डॉ. मोनिका उप्पल, डॉ. मीनाक्षी चौधरी, पामेला घोष दत्त, डॉ. सुरीना भुल्लर, कंचन कुमारी, रश्मि कुमारी, अंजलि ऑरनेशन, पूनम कुमारी, मौसमी दत्ता, अर्चना कुमारी, काजल महतो और एंजेल मुंडा सहित शिक्षकों व सहयोगियों ने कार्यक्रम की सफलता में अहम योगदान दिया.
मंच संचालन बी.एड की छात्राओं जार्वी और वनशिका ने किया. समारोह का समापन ईशिता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.

