
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड (टीएसडीपीएल) के कर्मचारियों के बोनस पर प्रबंधन और यूनियन के बीच चली मैराथन वार्ता पर बुधवार को कोई सहमति नहीं बनी. प्रबंधन 13.9 प्रतिशत से अधिक बोनस देने से साफ इंकार कर दिया है. यूनियन पिछले साल की तर्ज पर बोनस मांग रही है.बोनस पर सुबह 11 बजे से दोनों पक्षों के बीच वार्ता शुरू हुई. वार्ता में सीएचआरओ करण लखानी के नेतृत्व में प्रबंधन की टीम और यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय तथा महासचिव त्रिदेव सिंह शामिल हुए.
प्रबंधन ने पूरे इंडिया ऑपरेशन में हुई नियुक्ति का हवाला देते हुए तथा उसको भी पैमाना में शामिल कर फार्मूला के आधार पर 13.90 प्रतिशत बोनस देने का प्रस्ताव दिया. यूनियन ने सभी लोकेशनों के नियुक्ति को आधार बनाने एवं मुनाफे को उस आधार पर गणना करने पर सवाल उठाया और प्रबंधन के 13.9 प्रतिशत बोनस के प्रस्ताव को नहीं माना.
टिमकेन में आज होगा बोनस समझौता
टिमकेन इंडिया के कर्मचारियों के बोनस पर प्रबंधन और यूनियन के बीच गुरुवार को बोनस समझौता होगा. बुधवार को प्रबंधन और यूनियन के बीच बोनस समझौता को लेकर वार्ता हुई. बोनस पर दोनों पक्षों के बीच लगभग सहमति बन गई है. इस साल 17 प्रतिशत बोनस मिलने की संभावना है.
