
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में प्रस्तावित पदस्थापना की चर्चा में चल रहे एक दरोगा का व्यवहार विवादों में आ गया है। बताया जाता है कि स्थानीय खुदरा दुकानदार से मामूली कहासुनी के दौरान उक्त दरोगा ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मां की गाली तक दे दी। इस घटना का वीडियो दुकानदार ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को भेजकर खेद प्रकट किया।
वीडियो प्राप्त होने के बाद पूर्व नेता विकास सिंह ने जमशेदपुर एसएसपी पीयूष पांडे को भेजते हुए तंज कसा कि “संभव हो तो इस दरोगा साहब को आने वाले गणतंत्र दिवस पर मेहनत से आजीविका चला रहे दुकानदार को मां की गाली देने के लिए मेडल दे दीजिए।” सिंह ने आरोप लगाया कि पूरे जिले में शायद ही कोई ऐसा मोहल्ला हो, जहां पुलिस के सहयोग के बिना डेली लॉटरी और नशे का सामान खुलेआम न बिक रहा हो।
उन्होंने कहा कि खुदरा दुकानदार रोजी-रोटी चलाने में लगे रहते हैं, लेकिन पुलिस का व्यवहार आम जनता को सम्मान देने के बजाय अपमानित करने जैसा होता जा रहा है। इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोगों ने एसएसपी से अपेक्षा जताई है कि वे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस को जनता के प्रति संयम और शालीनता का परिचय देना चाहिए। यदि कानून-व्यवस्था के रक्षक ही अपशब्दों का इस्तेमाल करेंगे तो आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास कमजोर होगा। वहीं, एसएसपी कार्यालय ने वीडियो मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी।

