
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के मानगो धोबी घाट पर शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब करीब 70 वर्षीय एक वृद्ध महिला स्वर्णरेखा नदी में कूदकर अपनी जान देने की कोशिश करने लगीं. अचानक हुई इस घटना को देखकर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने बिना देर किए साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई. स्थानीय लोगों की तत्परता और साहसिक प्रयास से महिला को समय रहते बाहर निकाल लिया गया और उनकी जान बच गई.
नदी से बाहर लाने के बाद जब महिला से उनका नाम और पता पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उनका नाम लक्ष्मी नारायण यादव है और वे बारिडीह की रहने वाली हैं. हालांकि, उन्होंने यह खतरनाक कदम क्यों उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि महिला काफी परेशान और असमंजस की स्थिति में दिखाई दे रही थीं.
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सांत्वना दी और प्राथमिक देखभाल के बाद सुरक्षित घर भेजने की व्यवस्था की. साथ ही उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश भी शुरू कर दी गई है. घटना की सूचना साकची थाना पुलिस को भी दी गई है ताकि महिला को उनके परिवार तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके.
इस घटना के बाद आसपास के इलाके में हलचल मच गई. मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर समय रहते सतर्कता और साहस नहीं दिखाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. वहीं समाजसेवी प्रवृत्ति के लोगों ने इसे मानवता की मिसाल बताते हुए कहा कि मुश्किल की घड़ी में तुरंत मदद करना सबसे बड़ा धर्म है.
