
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगाँव थाना क्षेत्र से पुलिस ने उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के चार सक्रिय उग्रवादियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी बुधवार देर रात की गयी.
गुप्त सूचना पर बनी छापामारी टीम
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बिरसा पान अपने साथियों के साथ मिलकर गोईलकेरा की ओर लेवी वसूली एवं किसी बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बंदगाँव एवं टेबो थाना की टीम तथा सशस्त्र बल संयुक्त रूप से कार्रवाई में जुटे.
भागने की कोशिश में दबोचे गये उग्रवादी
छापामारी के दौरान बुधवार की रात करीब 11:40 बजे बंदगाँव बाजार रोड पर दो मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) पर सवार चार व्यक्ति नजर आए. पुलिस बल को देखकर वे भागने लगे, परंतु जवानों ने उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक देशी कट्टा और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
गिरफ्तार उग्रवादियों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों में बिरसा पान (22 वर्ष), अनिल बरजो (19 वर्ष), सुखराम मुण्डु (20 वर्ष) और गोपाल भेंगराज (22 वर्ष) शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, ये सभी पहले भी गोईलकेरा क्षेत्र में लेवी वसूली और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं और इसी उद्देश्य से पुनः सक्रिय हो रहे थे.
प्राथमिकी दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तार चारों उग्रवादियों के खिलाफ बंदगाँव थाना में कांड संख्या 19/25 दर्ज किया गया है. उन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (2)/317 (2), आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 तथा CLA Act की धारा 17 के तहत मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

